- पांच महीने पहले हुई थी शादी, पति से फोन पर कहासुनी के बाद फांसी लगाकर दी जान
रायबरेली। खीरों थाना क्षेत्र के सुखऊ खेड़ा मजरे लच्छीपुर गांव में बुधवार की रात 24 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली थी। अब इस मामले में नया मोड़ आया है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, नेहा (24) की शादी इसी वर्ष 20 अप्रैल को जाजमऊ के पास स्थित त्रिभुवन खेड़ा निवासी आशीष से हुई थी। शादी को अभी पांच माह ही हुए थे। रक्षाबंधन के बाद से नेहा मायके में रह रही थी। दो दिन पहले रात को उसकी पति आशीष से फोन पर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद नेहा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतका के पिता रामू शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को ससुराल में दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इसमें सास, ससुर और पति सभी शामिल थे। उन्होंने कहा कि इसी उत्पीड़न से परेशान होकर उनकी बेटी ने अपनी जान दे दी।
एसएचओ खीरों संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।