मुंबई: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चल रही व्यापार वार्ता अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है और समझौते की घोषणा जल्द हो सकती है। तीन दिवसीय भारत यात्रा पर मुंबई पहुंचे रुबियो ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की, जिसमें व्यापार समझौते के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा और रक्षा सहयोग जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के बाद रुबियो ने कहा कि समझौते में अब बहुत कम बिंदु ही बाकी रह गए हैं और दोनों देश औपचारिक हस्ताक्षर के बेहद करीब हैं। उन्होंने भारत की तेल शोधन क्षमता की भी सराहना की और संकेत दिया कि वेनेजुएला से कच्चे तेल की आपूर्ति बढ़ने पर भारतीय रिफाइनरियां वैश्विक ऊर्जा बाज़ार में अहम भूमिका निभा सकती हैं। उनकी इस यात्रा में जामनगर स्थित रिफाइनरी का दौरा भी शामिल बताया जा रहा है।
गौरतलब है कि टैरिफ को लेकर बने मतभेदों के कारण यह वार्ता कई महीनों से धीमी पड़ी थी। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल भी हाल ही में कह चुके हैं कि समझौते का पहला चरण अंतिम दौर में है। समझौता लागू होने से भारतीय निर्यातकों को अमेरिकी बाज़ार में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


