बिजनौर। बढ़ापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार को पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने निलंबित कर दिया है। आरोप है कि थाने के आधिकारिक व्हाट्सऐप ग्रुप में एक अश्लील वीडियो साझा किया गया, जिसमें एक महिला का चेहरा साफ दिखाई दे रहा था।
सूत्रों के मुताबिक वीडियो पोस्ट होने के कुछ ही देर बाद उसे हटा लिया गया, लेकिन तब तक कई पुलिसकर्मियों ने उसे डाउनलोड कर लिया था और स्क्रीनशॉट भी ले लिए थे। मामला सामने आने पर एसपी ने जांच टीम गठित की। टीम ने सोमवार को थाने का दौरा कर पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने बुधवार शाम नीरज कुमार को कदाचार के आरोप में निलंबित किया और विभागीय जांच के आदेश दिए। एसपी ने निलंबन की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस जैसे अनुशासित बल में इस तरह का आचरण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय कार्रवाई जारी है।



