नई दिल्ली। कोरोना के जेएन.1 वैरिएंट से बचाव के लिए कॉर्बेवैक्स वैक्सीन को अपडेट किया जाएगा। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) की विशेषज्ञ समिति ने बायोलॉजिकल-ई कंपनी के इस टीके में बदलाव को मंजूरी दे दी है।
कंपनी ने 18 से 80 साल की उम्र के 280 लोगों पर अध्ययन किया था और इसके सुरक्षा व प्रतिरक्षा संबंधी आंकड़े समिति के सामने पेश किए गए। इन आंकड़ों के आधार पर टीके को नए वैरिएंट के अनुसार ढालने की सिफारिश की गई है।
समिति ने मंजूरी के साथ कुछ शर्तें भी रखी हैं। कंपनी को टीके से जुड़े सुरक्षा आंकड़े जमा करने, टीका लगने के बाद होने वाले दुष्प्रभावों की निगरानी जारी रखने और स्वास्थ्यकर्मियों व टीका लगवाने वालों के लिए जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। टीकाकरण का रिकॉर्ड कोविन या यू-विन पोर्टल पर दर्ज करना भी अनिवार्य होगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि वायरस के बदलते स्वरूप के साथ टीकों को अपडेट रखना जरूरी है, ताकि आबादी को नए वैरिएंट से प्रभावी सुरक्षा मिलती रहे।



