मेरठ। थाना सदर बाजार पुलिस और स्वाट टीम नगर ने संयुक्त कार्रवाई में मोबाइल छिनैती करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 22-23 अक्टूबर की मध्यरात्रि में कैंट रेलवे स्टेशन के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध बिना नंबर प्लेट की बाइक से आने वाले हैं।
पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और भागने लगे। पीछा करने के दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई, जिससे शादाब उर्फ बाबू के पैर में चोट लग गई। पुलिस ने उसे और उसके साथी सुहैल को मौके से दबोच लिया।
दोनों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक हजार रुपये नकद, अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और टूटे हुए मोबाइल फोन के कई पार्ट्स बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी छीने गए मोबाइलों के पार्ट्स निकालकर बेचते थे। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



