मुंबई। सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की फिल्म ‘तू है मेरी किरण’ आज 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। रिलीज से ठीक पहले फिल्म पर मंडरा रहा कानूनी संकट टल गया है।
दरअसल, को-प्रोडक्शन कंपनी एंड मूवी प्रोडक्ट्स एलएलपी ने बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया था कि उसने मार्च 2024 के को-प्रोडक्शन समझौते के तहत फिल्म में 8.85 करोड़ रुपये लगाए थे, जो तय समय सीमा में वापस नहीं मिले। कंपनी का यह भी आरोप था कि भुगतान के लिए दिया गया चेक बाउंस हो गया था।
हाई कोर्ट ने 19 अक्टूबर को को-प्रोडक्शन कंपनी एशेलॉन प्रोडक्शंस को तीन कामकाजी दिनों में 8.85 करोड़ रुपये 15 प्रतिशत ब्याज के साथ लौटाने का आदेश दिया था और फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी थी। अब निर्माताओं विशाल राणा और सर्वेश गोयल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत से मामला सुलझ गया है। करण रावल के निर्देशन में बनी यह एक रोमांटिक थ्रिलर फिल्म है।



