हैदराबाद। साउथ सुपरस्टार प्रभास आज 23 अक्टूबर को अपना 47वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनकी आने वाली फिल्म ‘फौजी’ के मेकर्स ने फैंस को तोहफा दिया है। फिल्म का नया पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें प्रभास पुरानी सैन्य वर्दी में नजर आ रहे हैं।
पोस्टर पर ‘ए बैटालियन हू फाइट्स अलोन’ (एक ऐसी बटालियन जो अकेले लड़ती है) और ‘मोस्ट वांटेड सिंस 1939’ लिखा हुआ है। साथ ही रहस्यमयी फाइल नंबर 025 का भी जिक्र है। मेकर्स ने बताया कि फाइल नंबर 25 से जुड़े सवाल ‘वह कौन है?’ का जवाब आज एक वीडियो के जरिए दिया जाएगा।
पोस्टर में 1939 के जिक्र से साफ है कि फिल्म की कहानी पुराने दौर पर आधारित होगी। ‘फौजी’ का निर्देशन हनु राघवपुडी कर रहे हैं। मैथ्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म को टी-सीरीज प्रस्तुत कर रही है। पहले फिल्म 3 दिसंबर 2026 को रिलीज होनी थी, लेकिन अब रिलीज टल गई है। नई तारीख का ऐलान बाकी है।



