कानपुर। छठ पूजा से पहले घाटों को चमकाने की तैयारी शुरू हो गई है। भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय को पत्र लिखकर गोविंदनगर क्षेत्र के 32 छठ पूजा घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और मरम्मत की व्यवस्था समय से कराने की मांग की है।
विधायक ने जोनल अधिकारियों, सफाई निरीक्षकों और कर्मचारियों को निर्देश जारी कर व्यवस्थाओं की निगरानी की मांग की। उन्होंने कहा कि छठ पूजा आस्था का प्रतीक पर्व है और हर साल हजारों श्रद्धालु घाटों पर एकत्र होकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
सीटीआई नहर घाट, रविदासपुरम घाट, अरमापुर घाट, नमक फैक्टरी चौराहा घाट और शास्त्री नगर के कृत्रिम घाट पर सात घोड़ों पर सवार भगवान सूर्यदेव की विशाल प्रतिमाएं स्थापित कराई गई हैं। विधायक ने कहा कि छठ महापर्व की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए वह कई महीने पहले से प्रयास शुरू कर देते हैं।



