बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही राज्य के 121 विधानसभा क्षेत्रों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग ने नामांकन केंद्रों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के विशेष निर्देश जारी किए हैं।
आयोग के अनुसार नामांकन परिसर के भीतर या उसके आसपास भीड़भाड़ की अनुमति नहीं होगी। उम्मीदवार के साथ केवल तीन वाहन और प्रस्तावक सहित अधिकतम पांच व्यक्ति ही नामांकन केंद्र तक जा सकेंगे। पूरी नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी ताकि किसी भी विवाद से बचा जा सके।
पहले चरण में पटना, दरभंगा, मधेपुरा, सहरसा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, शेखपुरा, नालंदा, बक्सर और भोजपुर जिलों के क्षेत्रों में मतदान होगा। मतदान 6 नवंबर को निर्धारित है। उम्मीदवार 17 अक्टूबर तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं, अगले दिन नामांकन पत्रों की जांच होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर रखी गई है। चुनावी प्रशासन ने कहा है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।



