दिल्ली मेट्रो में सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले दो पोस्टर मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की एक ट्रेन के अंदर दो पोस्टर मिले हैं, जिनमें सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए गए हैं और कई अन्य मुद्दे उठाए गए हैं। इन पोस्टरों को ट्रेन ऑपरेटर ने 20 अक्टूबर को देखा था और बाद में पुलिस को सौंप दिया गया। मामले की जांच में स्पेशल सेल भी शामिल है ताकि जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा सके।
मिलने वाले पोस्टर श्वेत-श्याम रंग के थे, जिनमें देश में हुए बदलावों को लेकर नौ दावे दर्ज थे। इन पर ‘वोटिंग प्रोटेस्ट’ और ‘असंतुष्ट? आप अकेले नहीं हैं’ जैसे वाक्य लिखे थे। साथ ही एक क्यूआर कोड भी छपा था, जो लोगों को ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ने का न्योता देता था। पोस्टर ट्रेन के अंदर चिपकाए गए थे, जिससे यात्रियों की आवाजाही वाले क्षेत्र में यह प्रचार सामग्री नजर आई।
दिल्ली पुलिस के अनुसार मेट्रो परिसर में बिना अनुमति के इस तरह की प्रचार सामग्री लगाना नियमों का उल्लंघन है। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज समेत तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पोस्टर किसने छपवाए, कब ट्रेन में लगाए और इसके पीछे का मकसद क्या था।



