दिल्ली पुलिस ने शाहदरा इलाके में हुई 44 लाख रुपये की दिनदहाड़े लूट की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है और लूटी गई रकम में से 26.41 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। साथ ही वारदात में इस्तेमाल पिस्तौल, एक कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
यह लूट 27 अगस्त को एमएस पार्क थाना क्षेत्र में हुई थी। जांच में सामने आया कि एक अंदरूनी सूत्र ने नकदी की आवाजाही की जानकारी दी थी। पहले पांच आरोपियों प्रांजय तिवारी, सरब तिवारी, गौरव तिवारी, अंबरीश तिवारी और राम जीत को गिरफ्तार करके 3.90 लाख रुपये बरामद किए गए थे, लेकिन मुख्य आरोपी सत्यम विश्वकर्मा उर्फ डेविल फरार था।
बाद में पुलिस ने उत्तर प्रदेश में लगातार छापे मारे। सुल्तानपुर के एरुल गांव में सत्यम की 19 वर्षीय बहन के पास से 22.51 लाख रुपये बरामद हुए, जिस पर नकदी छिपाने में मदद का आरोप है। सत्यम को 16 अक्टूबर को प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया और उसकी निशानदेही पर सुल्तानपुर में झाड़ियों से पिस्तौल भी मिली। अब वह न्यायिक हिरासत में है।



