दिल्ली पुलिस ने दो शातिर स्नैचर और चोरों को गिरफ्तार करके 11 चोरी-लूट के मामलों को सुलझा लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक अमर कॉलोनी थाने का घोषित बदमाश है और कथित तौर पर माया गिरोह का सदस्य है। दूसरा आरोपी भी आदतन चोर और स्नैचर बताया गया है। दोनों की उम्र 23-23 वर्ष है।
कालिंदी कुंज थाने में कांस्टेबल अजहरुद्दीन की शिकायत पर 26 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इसके बाद दक्षिण-पूर्व जिले की पुलिस ने गश्त, पिकेट चेकिंग और खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई की। पूछताछ में सामने आया कि एक आरोपी 11 मामलों में और दूसरा 18 मामलों में शामिल रहा है, जिनमें चोरी, स्नैचिंग, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
इन गिरफ्तारियों से अमर कॉलोनी, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी और कालकाजी थानों में दर्ज कई मामले सुलझ गए हैं। पुलिस का कहना है कि त्योहारों के मद्देनजर दिल्ली में गश्त और जांच बढ़ा दी गई है, ताकि सड़क अपराध पर लगाम लग सके। लोगों से अपील की गई है कि वे कीमती सामान का ध्यान रखें और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



