बृजमनगंज के वार्ड-2 में नाली और सीसी रोड का भूमि पूजन, नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने किया शिलान्यास
– नगर अध्यक्ष बोले-हर वार्ड और हर गली का होगा समान विकास, जलभराव व कीचड़ की समस्या से मिलेगी राहत
बृजमनगंज, महराजगंज। आदर्श नगर पंचायत बृजमनगंज में विकास कार्यों की गति लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में वार्ड नंबर 2 मस्जिद गली में नाली निर्माण एवं सीसी रोड के कार्य का भूमि पूजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया।
भूमि पूजन नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल के कर कमलों द्वारा संपन्न हुआ। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने कहा, “हमारा उद्देश्य है बृजमनगंज के हर वार्ड, हर गली को आदर्श बनाना। नाली और सड़क नागरिकों की बुनियादी जरूरत है। इस कार्य के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को जलजमाव और कीचड़ से निजात मिलेगी।”
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है और सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस दौरान सभासद जितेंद्र कुमार, धर्मेंद्र चौरसिया, झीनक विश्वकर्मा, राजन चौरसिया, सनी रैना, अनिल मणि सहित वार्ड के गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने नगर अध्यक्ष के इस प्रयास की सराहना की।
स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए कहा कि वर्षों से चली आ रही जलजमाव और खराब रास्ते की समस्या अब दूर होने की उम्मीद है।
नगर पंचायत प्रशासन ने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा।