हरिद्वार। जिले में चंद घंटों के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर दो बच्चियां लावारिस हालत में मिली हैं। भगत सिंह चौक के पास कूड़े के ढेर में करीब सात दिन की नवजात बच्ची मिली, जबकि शहर कोतवाली क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के पास लगभग एक साल की बच्ची लावारिस मिली।
समाजसेवी वंदना गुप्ता की नजर कूड़े के ढेर में पड़ी नवजात पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने नवजात को 108 एंबुलेंस की मदद से महिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी देखभाल की व्यवस्था की गई।
दूसरी बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने अपने संरक्षण में लेकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों बच्चियों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्था की जा रही है।
इस घटना ने बच्चियों के प्रति समाज के रवैये पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस दोनों मामलों में बच्चियों के परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है, ताकि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।



