जमशेदपुर, झारखंड। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडीह बार के समीप 27 जून 2026 की रात हुए हिमांशु हत्याकांड मामले में पूर्वी सिंहभूम पुलिस की विशेष अनुसंधान टीम (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित एसआईटी ने लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए मामले के दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना के बाद आरोपियों के भागने में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात करीब 11:30 बजे हुए इस सनसनीखेज हमले के बाद तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर लगातार जांच और छापेमारी की जा रही थी। अब तक इस कांड में 14 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत भेजा जा चुका है। इसी क्रम में फरार चल रहे राघवेंद्र कुमार उर्फ रविंद्र उर्फ घेरे और गणेश मुढ़वा को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी गणेश मुढ़वा की निशानदेही पर घटना के बाद आरोपियों द्वारा भागने के लिए इस्तेमाल की गई टीवीएस एक्टिवा स्कूटी (रजिस्ट्रेशन संख्या JH05EH6474) भी बरामद कर ली गई है।
अनुसंधान में यह भी सामने आया है कि गणेश मुढ़वा ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपियों विशाल मंडल उर्फ बंडवा, राहुल दुबे और राघवेंद्र कुमार उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पुलिस के अनुसार, गणेश मुढ़वा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह शराब की खरीद-बिक्री से जुड़े मामलों में दो बार जेल जा चुका है।
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पूरे अभियान का नेतृत्व एसआईटी कर रही है, जिसमें विभिन्न पुलिस अनुमंडलों के अधिकारी, तकनीकी शाखा और बिष्टुपुर थाना की टीम शामिल है।