जमशेदपुर, झारखंड। कदमा थाना परिसर में मंगलवार को शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी दिलीप कुमार ने की, जबकि मुख्य रूप से मुख्यालय-2 के श्री मनोज कुमार उपस्थित रहे। बैठक में शहर में बिगड़ते कानून-व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं पर गंभीरता से चर्चा की गई और पुलिस एवं आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम करना समय की आवश्यकता है। यदि आम नागरिक पुलिस का सहयोग करेंगे और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना समय पर देंगे, तो अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
बैठक में हाल के दिनों में शहर में बढ़ रही नशाखोरी, चापड़बाजी, चोरी की घटनाओं तथा सड़क दुर्घटनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इन समस्याओं के समाधान के लिए सभी सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव दिए। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे असामाजिक तत्वों और नशे के कारोबार की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने में सहयोग करें।
इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे शहर को नशामुक्त, चापड़मुक्त, अमन-शांति और भाईचारे का शहर बनाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करेंगे तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
बैठक में प्रमुख रूप से दिवाकर सिंह, केशव तिवारी, हसन अख्तर, इमाम मेराज खान, सिकंदर, जुम्मन, शशि आचार्य, पंडित मुकद्दर, पी.के. सिंह, एस. चौधरी, अंजी राव सहित शांति समिति के अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने तथा अपराधमुक्त समाज के निर्माण में हर संभव सहयोग देने का भरोसा जताया।