जयपुर। शहर पुलिस ने ई-कॉमर्स के जरिए नामी कंपनी के ब्लूटूथ वाले हेलमेट की हेराफेरी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। ज्योति नगर थाना (दक्षिण) पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 200 से अधिक हेलमेट बरामद किए हैं। बरामद हेलमेट की बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 19 अक्टूबर को कंपनी के संचालक शुभम चौहान ने ज्योति नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कंपनी ब्लूटूथ लगे हेलमेट बनाकर ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से बेचती है। जनवरी 2026 से ग्राहकों को भेजे गए हेलमेट असामान्य रूप से बड़ी संख्या में वापस आने लगे थे। कभी गलत उत्पाद तो कभी बॉक्स में हेलमेट न होने की शिकायतें मिल रही थीं।
जांच में पता चला कि ग्राहकों को भेजे जाने वाले असली हेलमेट रास्ते में ही गायब कर दिए जाते थे और उनकी जगह दूसरी कंपनी के सस्ते हेलमेट पैकेट में रखकर भेज दिए जाते थे। गलत उत्पाद मिलने पर ग्राहक पैकेट वापस कर देते थे, जो कंपनी तक पहुंच जाता था। इसी तरह असली हेलमेट की हेराफेरी कर कंपनी को नुकसान पहुंचाया जा रहा था। पुलिस ने सुरेंद्र कुमार नागर को दस्तयाब किया, जो शॉपिंग एप्लिकेशन पर नामी कंपनी के हेलमेट सस्ते दाम में बेचने का विज्ञापन कर रहा था। जांच में ई-कॉमर्स कंपनी में काम करने वाले एक अन्य व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है।



