हरियाणा के करनाल में शुक्रवार शाम पुलिस और एक संदिग्ध के बीच मुठभेड़ हो गई। यह घटना तरावड़ी थाना क्षेत्र के भैणी खुर्द गांव की है, जहां सीआईए-2 पुलिस टीम और संदिग्ध अनिल कुमार आमने-सामने आ गए। गोलीबारी में अनिल कुमार घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध हथियार और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। बताया जा रहा है कि अनिल कुमार के खिलाफ चार आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। घटना की सूचना मिलते ही फॉरेंसिक साइंस लैब और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से मिले साक्ष्य जुटाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार संदिग्ध ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस को भी कार्रवाई करनी पड़ी। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद अवैध हथियार कहां से लाया गया था और हाल के किसी अपराध में इसका इस्तेमाल तो नहीं हुआ था।



