राजकोट। गुजरात के राजकोट में पुलिस ने फर्जी डॉक्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 14 आरोपी सिर्फ 10वीं या 12वीं पास हैं, जो बिना किसी वैध मेडिकल डिग्री के सालों से अवैध क्लिनिक चला रहे थे।
राजकोट ग्रामीण पुलिस ने अयोग्य चिकित्सकों के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत जिले में सक्रिय इन फर्जी डॉक्टरों को पकड़ा। जिले के पुलिस अधीक्षक विजय सिंह गुर्जर ने बताया कि पकड़े गए 17 लोगों में से सिर्फ तीन के पास स्नातक की डिग्री है। जांच में सामने आया कि इनमें से कुछ लोग डॉक्टरों के सहायक या मेडिकल स्टोर के कर्मचारी के रूप में काम करने के अनुभव का इस्तेमाल करके मरीजों का इलाज कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, कुछ फर्जी डॉक्टर सिर्फ दो-तीन महीने से प्रैक्टिस कर रहे थे, जबकि कई अन्य 10 साल से भी ज्यादा समय से अनधिकृत क्लीनिक चला रहे थे। शक और कार्रवाई से बचने के लिए कई फर्जी डॉक्टर बीच-बीच में अपनी प्रैक्टिस बंद कर देते थे और बाद में फिर से शुरू कर देते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



