जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनावों को लेकर ग्रामीण इलाकों में चुनावी सरगर्मी चरम पर है। प्रथम चरण का मतदान संपन्न होने और दूसरे चरण के लिए मैदान साफ होने के बाद अब तीसरे चरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। शुक्रवार को तीसरे चरण के तहत प्रदेश की 17 जिला परिषदों और 116 पंचायत समितियों में नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। तय समय-सारणी के अनुसार शुक्रवार शाम तक मिलने वाले नामांकन पत्रों की जांच शनिवार को की जाएगी।
इसी के साथ ‘गांव की सरकार’ चुनने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ी है। इन्हीं 16 जिलों की 3,314 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 28,422 वार्ड पंच पदों के लिए शुक्रवार से ही नामांकन शुरू हो गया है। सुबह से ही ग्राम पंचायत मुख्यालयों और रिटर्निंग अधिकारियों के सामने प्रत्याशियों व उनके समर्थकों का तांता लगना शुरू हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।



