राजस्थान में पंचायत चुनाव के पहले चरण के लिए शनिवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया। प्रदेश के 16 जिलों की 3314 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 28682 वार्ड पंचों के पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा, जिसके बाद मतगणना शुरू हो जाएगी और नतीजे शनिवार रात तक आने की संभावना है।
इस बार का चुनाव बैलेट पेपर से हो रहा है। पिछली बार पंच और सरपंच के चुनाव ईवीएम मशीनों से हुए थे, लेकिन इस बार मतपत्र का इस्तेमाल किया जा रहा है। हर मतदाता दो वोट डालेगा। एक बैलेट पेपर पर सरपंच और दूसरे बैलेट पेपर पर वार्ड पंच उम्मीदवार को वोट दिया जाएगा। सरपंच पद के लिए करीब 25 हजार दावेदार मैदान में हैं।
पहले चरण में फलोदी, बाड़मेर, भीलवाड़ा, पाली, सिरोही, डूंगरपुर, झालावाड़, अलवर, जोधपुर, उदयपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर, राजसमंद, नागौर और बीकानेर जिलों में मतदान हो रहा है। सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। वार्ड पंचों के लिए चुने गए सदस्य रविवार को उपसरपंच का चुनाव करेंगे, जिसके बाद पहले चरण की चुनावी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।



