रायबरेली में पुलिस महकमे में बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक की ओर से जारी आदेश के अनुसार कुल 99 उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल को नई जगहों पर तैनात किया गया है। त्योहारों से पहले प्रशासनिक कसावट और पुलिस व्यवस्था को बेहतर करने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।
आदेश के अनुसार लंबे समय से एक ही थाने में तैनात दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों को हटाकर रिजर्व पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं, पुलिस लाइन में लंबे समय से प्रतीक्षारत दो दर्जन से अधिक हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल को विभिन्न थानों, क्षेत्रों और सुरक्षा शाखाओं में नई जिम्मेदारी दी गई है।
अधिकारियों का कहना है कि एक ही स्थान पर लंबे समय तक तैनाती से कार्यप्रणाली में शिथिलता आ सकती है, इसलिए समय-समय पर इस तरह के तबादले जरूरी होते हैं। नई तैनाती से थानों में कामकाज में तेजी आने और जनता की शिकायतों के त्वरित निस्तारण की उम्मीद की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी तबादला पाए पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय में अपनी नई तैनाती स्थल पर योगदान देने के निर्देश दिए हैं। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की गश्त और निगरानी भी बढ़ा दी गई है, ताकि त्योहारों के दौरान शांति बनी रहे।



