छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नशीली दवा नाइट्राजेपाम की 2100 गोलियों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जब्त गोलियों की कीमत करीब 8.40 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी कथित तौर पर इन गोलियों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था।
गिरफ्तार युवक की पहचान मोहम्मद असजद के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि महादेवघाट विसर्जन कुंड के आसपास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और डीडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी में उसके पास से गोलियां बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपी ने गोलियों को ओडिशा से लाने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक गोलियों को रखने और बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज भी नहीं मिले। पुलिस ने डीडी नगर थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज किया है। रायपुर कमिश्नरेट में अब तक एनडीपीएस एक्ट के 94 मामलों में 207 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।



