महराजगंज। जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम चैनपुर टोला भूड़कुड़वा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला प्रकाश में आया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई बताया जा रहा है की महज छह माह पूर्व वैवाहिक बंधन में बंधी लक्ष्मी पत्नी विनोद की इस तरह अचानक मौत से हर कोई स्तब्ध है। सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत चैनपुर में विवाहिता की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आखिर ऐसा क्या हुआ कि शादी के कुछ ही महीनों बाद विवाहिता की मौत हो गई यह सवाल लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।वहीं विवाहिता के परिजनों ने मौत को घरेलू प्रताड़ना का नतीजा बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं और सख्त कार्रवाई की मांग की है।घटना की सूचना मिलने पर सीओ फरेंदा दीपशिखा वर्मा नायब तहसीलदार सुदेव पटेल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस विवाहिता की मौत के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके वालों की तरफ से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
