श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सामाजिक संवाद और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शुक्रवार को श्रीनगर में एक बड़े सम्मेलन का आयोजन किया। ‘असलुक आलाव’ यानी ‘हमारी पुकार’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में कश्मीरी समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक मंच पर आए।
सम्मेलन में व्यापारी, युवा नेता, नागरिक समाज के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी और धार्मिक विद्वान शामिल रहे। कार्यक्रम में आरएसएस के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख राम लाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जम्मू-कश्मीर डेवलपमेंट फाउंडेशन और अल रहीम ट्रस्ट ने मिलकर इस सम्मेलन का आयोजन किया।
कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन डॉ. सैयद दरख्शां अंद्राबी, भाजपा के महासचिव (संगठन) अशोक कौल, इस्लामिक विद्वान मौलाना ओवैस रजा कादरी और आदिल मोहिउद्दीन सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। जेकेडीएफ के चेयरमैन बिलाल पर्रे और अल रहीम ट्रस्ट के चेयरमैन नजीर अहमद गिलकर ने भी सम्मेलन में भाग लिया। घाटी में विभिन्न समुदायों के बीच संवाद की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।



