सरोजनीनगर बार एसोसिएशन चुनाव की तैयारी तेज, 17 अगस्त तक सीओपी जमा करने के निर्देश

-सीओपी जमा नहीं करने वाले अधिवक्ताओं का नाम चुनावी सूची में शामिल नहीं होगा, ‘एक बार, एक वोट’ नियम का होगा पालन

शकील अहमद

सरोजनीनगर, लखनऊ। सरोजनीनगर बार एसोसिएशन, लखनऊ ने आगामी चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। बार एसोसिएशन की ओर से सभी सम्मानित पदाधिकारियों एवं अधिवक्ता सदस्यों से अपनी-अपनी सीओपी (सर्टिफिकेट ऑफ प्रैक्टिस) बार कार्यालय में जमा करने की अपील की गई है।

इसके लिए अंतिम तिथि 17 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक सीओपी जमा नहीं करने वाले अधिवक्ताओं का नाम चुनाव संबंधी सूची में शामिल नहीं किया जा सकेगा।

बार एसोसिएशन की ओर से जारी सूचना में बताया गया कि सीओपी जमा करने के संबंध में पूर्व में भी कई बार सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कुछ ही सदस्यों द्वारा दस्तावेज जमा किए गए हैं। चुनाव में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश, प्रयागराज के नियमानुसार महिला आरक्षण का भी पालन किया जाएगा।

सूचना के अनुसार ऐसे अधिवक्ता जिनकी सीओपी किसी अन्य बार की नहीं है, वे सरोजनीनगर बार एसोसिएशन की सदस्यता ले सकते हैं। इसके लिए उन्हें बार काउंसिल कार्ड, आधार कार्ड, प्रमाणपत्र तथा पासपोर्ट साइज की दो फोटो बार कार्यालय में जमा करनी होगी।
एसोसिएशन ने ‘एक बार, एक वोट’ के नियम का कड़ाई से पालन करने की बात कही है।

अन्य बार से जुड़े अधिवक्ताओं को सरोजनीनगर बार एसोसिएशन में मतदान का अधिकार नहीं दिया जाएगा। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश से संबंधित सूची भी मंगाई गई है, जिससे अधिवक्ताओं की सीओपी का सत्यापन किया जा सके।

एसोसिएशन के अनुसार 17 अगस्त के बाद किसी भी समय सदस्य सूची को अंतिम रूप दिया जा सकता है और इसी सूची के आधार पर चुनाव कराया जाएगा। चुनाव की घोषणा भी किसी भी समय की जा सकती है। बार एसोसिएशन ने सभी अधिवक्ताओं से समय से सीओपी जमा कर सहयोग करने की अपील की है।