भारत ने संयुक्त राष्ट्र के विशेष प्रतिवेदक की आतंकवाद-रोधी रिपोर्ट पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें दाऊद इब्राहिम को ‘भारत-आधारित’ डी-कंपनी का सरगना बताया गया था। संयुक्त राष्ट्र में भारत के प्रथम सचिव रघु पुरी ने कहा कि रिपोर्ट में स्पष्ट तथ्यात्मक गलतियां हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दाऊद इब्राहिम 1993 के आतंकी हमलों से भारत में वांछित है और 2003 में सूचीबद्ध होने से बहुत पहले भारत से भाग गया था। संयुक्त राष्ट्र की अपनी 1267 प्रतिबंध व्यवस्था के सारांश में दर्ज है कि वह भारत के बाहर रहता है। पुरी ने कहा कि दाऊद उसी देश में रहता है जहां ओसामा बिन लादेन पाया गया था। भारत ने यह भी कहा कि मानवाधिकार ढांचे का उपयोग आतंकवादियों या कट्टरता फैलाने वालों को बचाने के लिए नहीं होना चाहिए और जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है।
विज्ञापन | Advertisement



