मथुरा। दशहरे से पहले दो साल के बच्चे का अपहरण करने के आरोपी को पुलिस ने मथुरा के एक मंदिर के पास से पकड़ लिया है। आरोपी की पहचान विवेक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद थैले की तलाशी ली तो उसमें त्रिशूल और शृंगार का सामान मिला। इन वस्तुओं के आधार पर पुलिस को आशंका है कि बच्चे का अपहरण नर बलि देने के इरादे से किया गया था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि इस आशंका की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
कोटपूतली-बहरोड़ के एसपी सतवीर सिंह के अनुसार, पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपी से बच्चे के अपहरण, चोरी की गई बाइकों और कथित नर बलि की आशंका को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने बच्चे का अपहरण क्यों किया।
बच्चे के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली मंशा सामने आ पाएगी।



