देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत 31 अक्टूबर को श्रीनगर, 2 नवंबर को देहरादून और 3 नवंबर को रुद्रपुर में पदयात्राएं निकाली जाएंगी।
धामी ने बताया कि देहरादून की पदयात्रा में 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इसके बाद प्रदेश के सभी 13 जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनादेश का सम्मान नहीं करती और जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
धामी ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद से कांग्रेस लगातार चुनावी हार का सामना कर रही है। मतदाता सूची के शुद्धिकरण पर उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया पर आपत्ति नियमानुसार उठाई जानी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी की कार्यशैली और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी पर भी सवाल उठाए।



