नैनीताल। नैनीताल के मेहरागांव में देर रात निर्माण कार्य के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। दीवार बनाने में जुटे मजदूरों के ऊपर अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। हादसे में नेपाल निवासी दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मजदूर घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतकों के परिजनों ने हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए सीएचसी भवाली पहुंचाया गया।
एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि निर्माण स्थल पर दीवार बनाने का काम चल रहा था, तभी अचानक पहाड़ी से मलबा भरभराकर मजदूरों के ऊपर गिर गया। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की जांच की जा रही है।
देर शाम पुलिस प्रशासन के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया यह हादसा सुरक्षा मानकों की अनदेखी और भारी लापरवाही का परिणाम प्रतीत हो रहा है। इस वीभत्स हादसे से मेहरागांव क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।



