नागपुर। महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक और विदर्भ के बीच मुकाबले के दौरान मैदान पर एक अजीबोगरीब घटना हुई। 22 अक्टूबर को नागपुर के मैदान पर अचानक एक लंगूर आ गया, जिससे कर्नाटक की 15 वर्षीय फील्डर उमा कशवी घबरा गईं। वह बाउंड्री के पास फील्डिंग कर रही थीं, तभी लंगूर उनकी ओर तेजी से दौड़ा। खुद को बचाने की कोशिश में वह संतुलन खो बैठीं और घास पर गिर गईं। लंगूर उनके पास से गुजर गया और वह तुरंत उठ खड़ी हुईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
इस घटना के बावजूद कशवी ने खेल पर ध्यान बनाए रखा और गेंद से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 18 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट लिए। कर्नाटक ने 20 ओवर में सात विकेट पर 140 रन बनाए थे, जिसके जवाब में विदर्भ की टीम 134 रन ही बना सकी। कशवी के इस प्रदर्शन ने कर्नाटक को छह रन की रोमांचक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई और टीम सेमीफाइनल में पहुंच गई।



