मुंबई। रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश और सनी देओल से सजी फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड’ रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस माइथोलॉजिकल फिल्म की एडवांस बुकिंग में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। ट्रेड ट्रैकर सैक्निल्क के मुताबिक 23 अक्टूबर को सुबह 11:42 बजे तक फिल्म ने ब्लॉक सीटों को शामिल करते हुए 8.27 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया था। ब्लॉक सीटों को हटाने के बाद भी यह आंकड़ा 6.25 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
फिल्म के लिए अब तक 3,964 शो में 1.47 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। खास बात यह है कि टिकटों की बिक्री में बढ़ोतरी केवल ब्लॉक सीटों के कारण नहीं हो रही है। कुल ग्रॉस में ब्लॉक सीटों की हिस्सेदारी करीब 34 प्रतिशत से घटकर 24 प्रतिशत रह गई है, जिससे पता चलता है कि दर्शकों की वास्तविक खरीदारी बढ़ रही है। हर शो में औसतन बिकने वाले टिकटों की संख्या भी 26 से बढ़कर 37 हो गई है। इन आंकड़ों ने फिल्म की बंपर ओपनिंग की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।



