राजधानी दिल्ली में ग्रैप का पहला चरण लागू होने के बावजूद प्रदूषण लगातार तीसरे दिन खराब श्रेणी में बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एयर बुलेटिन के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली का एक्यूआई 230 दर्ज किया गया, जिसमें मुख्य प्रदूषक पीएम 2.5 रहा। पूर्वानुमान के अनुसार अगले दस दिनों तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
राजधानी के दो इलाकों में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गया। पूसा में एक्यूआई 325 और आरके पुरम में 304 दर्ज किया गया। कुल 37 निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण खराब और 17 केंद्रों पर सामान्य श्रेणी में रहा। एनसीआर के फरीदाबाद में 111, गाजियाबाद में 241, ग्रेटर नोएडा में 254, गुरुग्राम में 215 और नोएडा में 205 एक्यूआई रहा।
हवा की निगरानी करने वाली संस्था सफर ने एडवाइजरी जारी कर अस्थमा और दिल के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बीते तीन दिनों से राजधानी का एक्यूआई 200 के ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार 24 और 25 अक्टूबर को दिन का तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है और बारिश की संभावना नहीं है।



