वडोदरा नगर निगम की स्थायी समिति ने शुक्रवार को पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को उनके कब्जे वाले 978 वर्गमीटर प्लॉट देने को मंजूरी दे दी। गुजरात सरकार के प्रस्ताव पर हुई इस स्वीकृति के बाद पठान के लिए सालों पुराना यह प्लॉट विवाद सुलझ गया है। यह प्लॉट टाउन प्लानिंग स्कीम 22 के फाइनल प्लॉट नंबर 90 पर स्थित है।
समझौते के अनुसार 500 वर्गमीटर जमीन गिफ्ट के तौर पर दी जाएगी, जबकि बाकी 478 वर्गमीटर जमीन उसके तय मूल्य के 55 प्रतिशत पर आवंटित की जाएगी। यानी इस हिस्से पर 45 प्रतिशत की छूट मिलेगी। प्रति वर्गमीटर 2.10 लाख रुपये के हिसाब से प्लॉट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20.53 करोड़ रुपये आंकी गई है। बीजेपी की पार्षद वर्षा व्यास ने इस फैसले की जानकारी मीडिया को दी।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अगुवाई वाली राज्य सरकार ने प्रस्ताव में स्पष्ट किया है कि इस मामले को एक विशेष मामला माना जाएगा और भविष्य में इसी तरह के अन्य आवंटनों के लिए इसे नजीर के तौर पर पेश नहीं किया जा सकेगा। राज्य सरकार का राजस्व विभाग नगर निगम को उतनी ही कीमत की कोई दूसरी जमीन देगा ताकि दी गई जमीन की भरपाई हो सके।



