राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के इच्छुक दिल्ली के स्कूली खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका सामने आया है। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय की स्पोर्ट्स ब्रांच ने 70वें नेशनल स्कूल गेम्स 2026-27 के लिए अंडर-19 सॉफ्टबॉल टीम के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत लड़कों और लड़कियों की टीम के लिए 23 और 24 अक्टूबर को ओपन ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। ट्रायल में चुने गए खिलाड़ियों को पहले प्रशिक्षण दिया जाएगा और फिर वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करेंगे।
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी सर्कुलर के अनुसार ट्रायल विकासपुरी के एफ-ब्लॉक स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में दोपहर दो बजे से शुरू होंगे। इसमें निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकते हैं। खिलाड़ियों को ट्रायल के दौरान अपनी खेल किट साथ लानी अनिवार्य होगी। चयन प्रक्रिया के माध्यम से अंडर-19 बालक और बालिका वर्ग की टीमें तैयार की जाएंगी।
ट्रायल में सफल खिलाड़ियों के लिए 25 अक्टूबर से 15 नवंबर तक कोचिंग और प्रशिक्षण शिविर भी विकासपुरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ही लगाया जाएगा। शिविर में खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिहाज से तैयार किया जाएगा। इसके बाद दिल्ली की टीम 18 से 22 नवंबर तक चंडीगढ़ में होने वाली 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स की सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।



