गुजरात के गांधीनगर में शनिवार को ‘नशा मुक्त भारत’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी थीम ‘भारत के पारंपरिक खेलों का जश्न’ रखी गई। इस पहल का उद्देश्य युवाओं के बीच शारीरिक फिटनेस, पारंपरिक भारतीय खेलों के महत्व और स्वस्थ, नशा-मुक्त जीवनशैली अपनाने को लेकर जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम भारतीय खेल प्राधिकरण के गांधीनगर स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस वेस्टर्न सेंटर ने ‘माई भारत’ के साथ मिलकर आयोजित किया।
कार्यक्रम में कई पारंपरिक खेल और फिटनेस-आधारित गतिविधियां शामिल रहीं। लगोरी, रस्साकशी, बोरी दौड़, ‘नशा मुक्त भारत’ थीम पर आधारित सांप-सीढ़ी का खेल, ‘नशे को हराएं’ कॉइन टॉस, ‘फिटनेस चुनें’ रिंग टॉस, ‘फिट इंडिया’ फिटनेस चैलेंज और पेनल्टी शूट-आउट खेलों का आयोजन हुआ। इन गतिविधियों ने टीम वर्क, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा दिया और साथ ही भारतीय पारंपरिक खेलों की समृद्ध विरासत का जश्न भी मनाया गया।
मुख्य अतिथि पर्वतारोही निशा ने फिटनेस, अनुशासन, सहनशक्ति, स्वस्थ जीवनशैली के विकल्पों और नशीले पदार्थों से दूर रहने के महत्व पर जागरूकता सत्र संचालित किया। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार समारोह के साथ हुआ, जिसमें विभिन्न पारंपरिक खेलों के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान ‘माई भारत’ गुजरात के स्टेट डायरेक्टर सचिन शर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।



