JAMSHEDPUR : एग्रिको के केरला पब्लिक स्कूल में ‘कॉम्पोजिट स्किल लैब’ का उद्घाटन, विधायक पूर्णिमा साहू ने बताया विद्यार्थियों के भविष्य के लिए मील का पत्थर

जमशेदपुर, झारखंड। पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने एग्रिको स्थित एनएमएल केरला पब्लिक स्कूल में नवस्थापित ‘कॉम्पोजिट स्किल लैब’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के कौशल विकास, नवाचार की सोच और सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण के लिए इस प्रकार की आधुनिक सुविधाएं समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय एवं दूरदर्शी पहल बताया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्किल लैब में उपलब्ध विभिन्न आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकों का प्रदर्शन करते हुए अपने नवाचार, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का परिचय दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की विधायक ने सराहना करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि नई शिक्षा व्यवस्था में केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल और तकनीकी दक्षता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कॉम्पोजिट स्किल लैब विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने इस अभिनव पहल के लिए केरला पब्लिक स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों एवं सभी सहयोगियों को बधाई दी तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, निरंतर प्रगति और सर्वांगीण विकास की शुभकामनाएं दीं।