JAMSHEDPUR : स्वच्छ, आत्मनिर्भर और विकसित शहर बनाने का संकल्प, मेयर सुघा गुप्ता ने विकास योजनाओं की गिनाईं उपलब्धियां
स्वतंत्रता दिवस पर नागरिकों से जनभागीदारी का आह्वान, स्वच्छता, आवास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर
जमशेदपुर, झारखंड। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में मेयर ने शहरवासियों को संबोधित करते हुए स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर शहर के निर्माण का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के इस ऐतिहासिक अवसर पर हमें अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए शहर के समग्र विकास के लिए सामूहिक प्रयास करना होगा।
मेयर ने कहा कि शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से सभी वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत किया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा निर्धारित वाहनों में ही कचरा दें, ताकि शहर को कचरा मुक्त बनाया जा सके।
उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में सड़कों के निर्माण, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम और जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए कई योजनाओं पर कार्य चल रहा है। विभिन्न वार्डों में नई सड़कों और नालियों के निर्माण की योजना तैयार की गई है, जबकि चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण, पार्कों, टाउन हॉल और अन्य सार्वजनिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मेयर ने कहा कि पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न वार्डों में एक करोड़ 41 लाख रुपये से अधिक की योजनाएं तैयार कर निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 859 आवासों का निर्माण कराया जा चुका है और आगामी समय में 47 नए आवासों के निर्माण की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में नगर निगम की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्रमिक योजना के तहत 5,000 से अधिक जॉब कार्ड बनाए गए हैं तथा 3,000 से अधिक श्रमिकों को रोजगार से जोड़ा गया है। लगभग 900 स्वयं सहायता समूहों का संचालन किया जा रहा है, जिन्हें बैंक लिंकेज के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है। आने वाले समय में 2,000 से अधिक नए स्वयं सहायता समूहों के गठन का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत 5,000 से अधिक पथ विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा पथ विक्रेताओं के लिए वेंडिंग जोन विकसित करने तथा उनकी पहचान और आजीविका को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेख करते हुए मेयर ने कहा कि शहरवासियों के लिए आठ आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं और तीन नए केंद्र जल्द शुरू किए जाएंगे। वहीं, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एक हजार नई लाइटें लगाने और हाईमास्ट लाइटों की मरम्मत की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
अपने संबोधन के अंत में मेयर ने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा करने, पानी की बर्बादी रोकने और समय पर होल्डिंग टैक्स जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही शहर को राज्य और देश के अग्रणी शहरों में शामिल किया जा सकता है तथा यही हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।