लखनऊ: महिला ने पड़ोसियों पर उत्पीड़न का लगाया आरोप, पुलिस से लगाई सुरक्षा और न्याय की गुहार

बिजनौर थाना क्षेत्र में चार बेटियों की मां ने गाली-गलौज, धमकी और मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप, पुलिस ने जांच का दिया आश्वासन

शकील अहमद

बिजनौर (लखनऊ)। राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र के रहीमाबाद निवासी एक महिला ने पड़ोसियों पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने चौकी प्रभारी संदीप शर्मा को प्रार्थना-पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

प्रार्थना-पत्र के अनुसार पीड़िता शर्मा पत्नी रज्जन लाल रावत, चार बेटियों की मां हैं और उनका कोई पुत्र नहीं है। उनका आरोप है कि पड़ोसी छेदा लाल पुत्र सीताराम अक्सर शराब के नशे में उनके घर के बाहर आकर अभद्र भाषा का प्रयोग करता है।

आरोप है कि उसकी पत्नी राजवती और पुत्री सोनी भी उसके साथ मिलकर उन्हें और उनकी बेटियों को गालियां देती हैं तथा जान से मारने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करती हैं।

पीड़िता का कहना है कि लगातार हो रहे कथित उत्पीड़न के कारण उनकी बेटियों का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। इसी आशंका को देखते हुए उन्होंने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

चौकी प्रभारी संदीप शर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।