ऑपरेशन सिंदूर में चीन ने भारत के खिलाफ रणनीति के तहत की थी पाकिस्तान की मदद, अमेरिकी रिपोर्ट का दावा
अमेरिकी कांग्रेस के एक आयोग की सालाना रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन ने पाकिस्तान की सैन्य मदद की थी। रिपोर्ट के मुताबिक चीन ने सीधे युद्ध में शामिल हुए बिना पाकिस्तान को उन्नत हथियार, तकनीकी सहयोग और कथित तौर पर खुफिया जानकारी दी। रिपोर्ट में कहा गया है कि इसका मकसद सिर्फ पाकिस्तान का साथ देना नहीं था, बल्कि भारत की बढ़ती आर्थिक और सैन्य ताकत को रोकना था। चीन ने इसके लिए सीमा पर सैन्य दबाव, हिंद महासागर में नौसैनिक गतिविधियों और जरूरी औद्योगिक सामान की आपूर्ति पर नियंत्रण जैसे कदम भी उठाए।