चंद्रा स्कूल में दिखा राष्ट्रभक्ति का उत्साह, भव्य तिरंगा यात्रा में गूंजे भारत माता की जय के नारे
फुलमनहा से लेहरा बाजार चौराहे तक निकली तिरंगा यात्रा, छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर बढ़ाया देशभक्ति का संदेश
बृजमनगंज, महराजगंज। आजादी के अमृत काल एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बृजमनगंज ब्लॉक के चंद्रा चिल्ड्रेन पब्लिक स्कूल फुलमनहा में देशभक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। स्कूल से एक भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा रैली निकली, जो फुलमनहा होते हुए लेहरा बाजार चौराहे तक पहुंची और वहां से वापस स्कूल प्रांगण पहुंची।
इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा, जिससे पूरा कस्बा राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
इस भव्य तिरंगा यात्रा का कुशल नेतृत्व स्कूल के प्रधानाचार्य रवि प्रताप सिंह व उप प्रधानाचार्य बेचन यादव के संयुक्त मार्गदर्शन में किया गया।
इस दौरान स्कूल कार्यालय प्रभारी कुलदीप कुमार, शिक्षक जनार्दन भारद्वाज, शैलेश पाण्डेय, संजय कुमार, शिक्षिका पूजा पाण्डेय, शिवानी शर्मा, जूली गौड़, आस्मिन खातून, सोनिया शर्मा, मनीषा वर्मा, अंजू वर्मा के साथ अन्य विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।
स्कूल के सभी छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की और इसे सफल बनाया।