गोहन (जालौन)। गोहन स्थित बड़ी माता मंदिर, इस्लामपुर में दिनांक 11 अक्टूबर 2026 से 20 अक्टूबर 2026 तक श्री नवचंडी महायज्ञ एवं रामलीला का भव्य आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन के अंतर्गत श्रद्धालु भक्तिभाव के साथ कथा श्रवण कर रहे हैं और रामलीला की मनमोहक लीलाओं का आनंद ले रहे हैं।
इसी क्रम में आज भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर व्यास गद्दी पीठ से भागवत आचार्य पंडित श्री सुबोध महाराज जी ने अपने मुखारविंद से भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। वहीं रामलीला मंचन में कलाकारों द्वारा भगवान श्रीराम और केवट के संवाद की सुंदर लीला प्रस्तुत की गई। प्रसिद्ध कलाकारों ने विभिन्न मनमोहक झांकियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया।
भाजपा के वरिष्ठ नेता शीतल सिंह सेंगर ने किया रामलीला का शुभारंभ
रामलीला कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री शीतल सिंह सेंगर ने पहुंचकर फीता काटा। इसके बाद उन्होंने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण एवं माता सीता की आरती उतारी तथा दीप प्रज्वलित कर रामलीला का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित लोगों में उत्साह देखने को मिला।
पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
शारदीय नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक जालौन के निर्देशानुसार थाना गोहन क्षेत्र में क्षेत्राधिकारी श्री अंबुज यादव ने बड़ी माता मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम आवागमन, सुरक्षित दर्शन, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया गया। साथ ही थाना गोहन पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे।
सैकड़ों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
इस धार्मिक आयोजन में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं, ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। माताएं-बहनें, बुजुर्ग, युवा एवं अन्य श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। नवचंडी महायज्ञ, श्रीमद्भागवत कथा एवं रामलीला के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिल रही है।
जिला संवाददाता रोहित कुमार
गोपाल द्विवेदी कि रिपोर्ट
बड़ी माता मन्दिर इस्लामपुर गोहन में नवचंडी महायज्ञ एवं रामलीला का भव्य आयोजन कृष्ण जन्मोत्सव की कथा और केवट संबाद लीला ने मोहा मन

विज्ञापन | Advertisement
विज्ञापन | Advertisement
