– श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अलग प्रवेश-निकास, बैरिकेडिंग, पार्किंग, साफ-सफाई और चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा
बृजमनगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार दोपहर लेहड़ा मंदिर का दौरा कर शारदीय नवरात्रि और दशहरा के मद्देनजर सुरक्षा एवं सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक इंतजाम समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था करने को कहा। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने और आवागमन के रास्तों को साफ रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण और श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने बृजमनगंज नगर पंचायत को मंदिर परिसर के आसपास मोबाइल शौचालय लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर मार्ग पर यातायात सुचारु बनाए रखने, जाम की स्थिति रोकने और वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में क्षेत्राधिकारी फरेंदा को पार्किंग, बैरिकेडिंग और यातायात नियंत्रण के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने और अराजक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम प्रेम शंकर पांडेय, क्षेत्राधिकारी दीपशिखा, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा और थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




