मुंबई। भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 416 अंक यानी 0.57 प्रतिशत उछलकर 73,665 पर खुला। शुरुआती कारोबार में एक समय यह 434 अंक चढ़कर 73,684 तक पहुंच गया। निफ्टी भी 54 अंक बढ़कर 22,742 पर खुला।
आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी से बाजार को सहारा मिला। इंफोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक, एलएंडटी और आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख गेनर्स रहे। इंफोसिस करीब 3.21 प्रतिशत चढ़कर सबसे आगे रहा। दूसरी ओर टाटा स्टील, टाइटन, इंडिगो, एशियन पेंट्स और बजाज फिनसर्व में गिरावट दर्ज की गई।
गिफ्ट निफ्टी 155 अंक बढ़कर 22,869 पर खुला था, जिससे मजबूत शुरुआत के संकेत मिले थे। गुरुवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 3,458 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,891 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। निवेशकों की नजर अब दिनभर के कारोबार और सेक्टरवार प्रदर्शन पर टिकी है।



