दीप प्रज्वलित कर किया गया पंडाल का शुभारंभ, अतिथियों ने क्षेत्रवासियों को दी दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं
जमशेदपुर, झारखंड। कदमा एंड एलाइड एरिया पूजा कमेटी के दुर्गा पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन धूमधाम और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। माँ दुर्गा के आशीर्वाद और श्रद्धालुओं के अपार स्नेह के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कमेटी के सदस्य एवं क्षेत्रवासी शामिल हुए। पूरे आयोजन में भक्तिमय और उत्सवी माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर के सिटी एसपी श्री ललित मीना उपस्थित रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में हेडक्वार्टर-2 के डीएसपी श्री मनोज कुमार तथा थाना प्रभारी एवं प्रसिद्ध समाजसेवी श्री सूरज भदानी ने शिरकत की। सभी अतिथियों का कमेटी की ओर से स्वागत किया गया।इसके बाद सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर पूजा पंडाल का विधिवत शुभारंभ किया।
अतिथियों ने क्षेत्रवासियों को दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए पर्व को प्रेम, शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने का संदेश दिया।इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद ने सभी अतिथियों, क्षेत्रवासियों और पूजा कमेटी के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने अनुज चौधरी, बुद्धदेव गिरी सहित कमेटी के सभी सदस्यों के सहयोग और योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि आपसी एकता, प्रेम और सामाजिक सद्भाव का भी प्रतीक है।अंत में कमेटी की ओर से सभी श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे इस पावन पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और उल्लास के साथ मनाएं तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।




