जुगसलाई रेलवे ब्रिज के समीप पुलिस ने की छापेमारी, हत्या, डकैती और गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम देने की बना रहे थे योजना
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए जमशेदपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रंगदारी वसूलने की कथित योजना बना रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक रिवॉल्वर (सिक्सर), 25 जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए हैं। यह कार्रवाई जुगसलाई थाना क्षेत्र के रेलवे ब्रिज के समीप की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इसके बाद टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जुगसलाई थाना अंतर्गत रेलवे ब्रिज के समीप छापेमारी की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
व्यवसायियों में भय फैलाकर रंगदारी वसूलने की थी योजना
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी हत्या, डकैती और गोलीबारी जैसी गंभीर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर व्यवसायी वर्ग के लोगों में भय का माहौल पैदा करने तथा उनसे रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे थे। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से उनकी कथित योजना का खुलासा हुआ।
हथियार और कारतूस बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक रिवॉल्वर (सिक्सर), 25 जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए। हथियारों और कारतूसों की बरामदगी के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
एक आरोपी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों में राजेश कुमार साव का पूर्व से आपराधिक इतिहास होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले से संबंधित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। सभी चारों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।




