पुलवामा। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पुलवामा जिले में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मिट्टी के अनधिकृत खनन में इस्तेमाल किए जा रहे 23 डंपर और एक खुदाई मशीन जब्त की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलवामा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने मिट्टी और खनिजों के अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए रोहमू क्षेत्र में कई स्थानों पर सुबह छापे मारे। कार्रवाई के दौरान पुलिस दल ने पुलवामा के गुसू इलाके में मिट्टी के अवैध खनन का पता लगाया और मौके से 23 डंपर/टिपर तथा एक खुदाई मशीन जब्त की।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि खनन गतिविधियां निर्धारित नियमों और शर्तों का उल्लंघन करके की जा रही थीं। पुलवामा पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले के तथ्यों का पता लगाने और जवाबदेही तय करने के लिए जांच जारी है।



