कोलकाता। बंगाली सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री रुक्मिणी मैत्रा को अक्षय कुमार की आगामी फिल्म ‘समुक’ में कन्फर्म किया गया है। सनशाइन पिक्चर्स ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि की है कि फिल्म में रुक्मिणी मैत्रा के अलावा विनीत कुमार सिंह, रजत कपूर, स्वानंद किरकिरे और बनिता संधू भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को बड़े स्तर पर बनाया जा रहा है और इसके लिए विदेश से तकनीकी विशेषज्ञों की भी मदद ली जा रही है।
‘समुक’ 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसमें अक्षय कुमार व रुक्मिणी मैत्रा की जोड़ी पहली बार पर्दे पर नजर आएगी, जिसे लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं। फिल्म से एलेक गिलिस भी जुड़े हैं, जो ‘एलियन’ और ‘प्रीडेटर’ जैसी हॉलीवुड फिल्मों में जीवों और डरावने किरदारों के स्पेशल इफेक्ट्स तैयार करने के लिए जाने जाते हैं। बंगाली दर्शकों के लिए भी यह खुशी की खबर है कि उनकी जानी-मानी अभिनेत्री एक बड़े बॉलीवुड प्रोजेक्ट का हिस्सा बनी हैं।



