लखनऊ कचहरी परिसर में अवैध चैंबरों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान मौके पर मौजूद हैं। कार्रवाई के विरोध में अधिवक्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए हैं, जिससे कचहरी क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार चैंबरों पर लाल निशान लगाए गए हैं और सभी चिह्नित चैंबरों को तोड़ा जाएगा। मौके पर सात से आठ बुलडोजर लगाए गए हैं और और बुलडोजर भी आ रहे हैं। अधिकारियों ने कहा है कि जब तक चैंबर नहीं टूटेंगे, तब तक कार्रवाई चलती रहेगी और इसकी कोई समय सीमा तय नहीं है।
वकीलों का कहना है कि वे लोगों को न्याय दिलाने का काम करते हैं, लेकिन अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें ही संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने चैंबर तोड़ने से पहले वैकल्पिक व्यवस्था की मांग दोहराई है। प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई अदालत के आदेश के अनुसार की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।



