– स्वास्थ्य व नेत्र जांच शिविर में लोगों को मिली निःशुल्क दवाइयां, सरकारी योजनाओं की भी दी गई जानकारी
रायबरेली। पूर्व विधायक स्व. श्री अखिलेश सिंह की सातवीं पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को अमावां ब्लॉक परिसर में जनकल्याण शिविर एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने पूर्व विधायक अखिलेश सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके जनसेवा के कार्यों को याद किया।
जनकल्याण शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों की विभिन्न समस्याओं का त्वरित समाधान कराया गया। निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर में लोगों की जांच कर उन्हें मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। जरूरतमंदों को 150 साइकिल, 20 सिलाई मशीन, ट्राईसाइकिल और चश्मों का वितरण भी किया गया।
शिविर में ग्राम्य विकास विभाग की ओर से आवास, पंचायती राज, स्वच्छ भारत मिशन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से संबंधित स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, अवध क्षेत्र मंत्री दिलीप यादव, सलोन विधायक अशोक कोरी, प्रयागराज शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, फूलपुर विधायक दीपक पटेल, पूर्व सांसद रितेश पाण्डेय, पूर्व विधान परिषद सदस्य राजा राकेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक रामलाल अकेला, पूर्व विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, पूर्व विधायक राजाराम त्यागी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील शर्मा, बीबीडी ग्रुप के अध्यक्ष विराज सागर दास, कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन विवेक विक्रम सिंह, अशोक रामपुरी, प्रभात साहू और डॉ. चम्पा श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
इस अवसर पर आयोजकों ने कहा कि स्व. अखिलेश सिंह ने अपने राजनीतिक
जीवन में जनसेवा को प्राथमिकता दी। उनकी पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों की सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा जनसेवा के इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया गया।